26/11 Attack: इस एक्टर की बहन-जीजा को आतंकियों ने मार दी थी गोली, दो दिन तक होटल के बाहर किया था सलामती का इंतजार
26/11 Attack: 26/11 हमले को आज 12 साल पूरे हो गए हैं। इस घटना ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया था। कई बहादुर जवानों के साथ आम लोगों ने भी इस हमले में अपनी जान गवां दी थी। आज ही के दिन पाकिस्तान के लश्कर ए तौएबा के 10 आतंकियों ने तीन दिन तक आतंकी हमला किया था। आतंकी हमले में 166 लोगों की जान गई थी। लेकिन क्या आपको पता है इस हमले में बॉलीवुड एक्टर आशीष चौधरी ( ashish choudhary )ने भी किसी अपने को खोया था।
दरअसल इन 166 लोगों में एक्टर आशीष चौधरी की बहन और जीजाजी भी शामिल हैं। जिस वक्त आतंकियों ने हमला किया था आशीष चौधरी की बहन मोनिका छाबरिया और उनके जीजाजी अजीत छाबरिया ट्राएडंट होटल में स्थित टिफिन रेस्टोरेंट में डिनर कर रहे थे। लेकिन इसी दौरान दो आतंकियों ने यहां फायरिंग कर दी थी और इस गोली में इन दोनों का निधन हो गया था।
इस हमले के बाद आशीष दो दिन तक अपनी बहन के लिए होटल के बाहर खड़े रहे थे। वह दो दिन तक अपनी बहन और बहनोई की खबर मिलने का इंतजार कर रहे थे। करीह दो दिन बाद उन्हें अपनी बहन की मौत की खबर मिली थी। इस घटना ने एक्टर को बुरी तरह से तोड़ दिया था।
आशीष चौधरी ने मुंबई मिरर को दिए साक्षात्कार में कहा था कि 26/11 मुंबई हमले के बाद मैं कई दिनों तक डिप्रेशन में चला गया था। ये मेरे पूरे परिवार के लिए बुरा वक्ता था।इस घटना के बाद मेरे पिता की एडवर्टाइजिंग एजेंसी डीफ्रॉड हो गई थी। मेरे पूरे परिवार को मुसीबतों ने घेर लिया था।
आशीष चौधरी का कहना है कि मोनिका के दोनों बच्चे कनिष्क और अनन्या उस वक्त 11 और छह साल के थे। उन लोगों ने उस वक्त सबसे बुरा दौर देखा था। वह आज भी अपनी बहन को बहुत ज्यादा याद करते हैं।